Thursday, April 7, 2011

गांधी जी पर विवादित किताब इस महीने आएगी बाजार में


पुलित्जर पुरस्कार विजेता जोसफ लेलीवेल्ड द्वारा महात्मा गांधी पर लिखी गई विवादास्पद किताब इस महीने के अंत तक भारत के बाजार में उपलब्ध हो जाएगी। लेलीवेल्ड ने उम्मीद जताई है कि बाजार में आने पर इसे लेकर मचे बवाल पर रोक लग जाएगी। अमेरिका और ब्रिटेन में हुई इस पुस्तक की समीक्षाओं में बापू के यौन जीवन को लेकर की गईं कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के बाद बवाल मचा है। जबकि लेखक ने किताब में ऐसी कोई बात लिखने से इंकार किया है। उन्होंने बताया कि उनकी किताब ग्रेट सोल : महात्मा गांधी एंड हिज स्ट्रगल विद इंडिया आगामी तीन हफ्तों में भारत में उपलब्ध होगी। फिलहाल उनकी भारत यात्रा की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह भारत तभी जाएंगे जब आमंत्रित किया जाएगा। लेलीवेल्ड ने कहा, गांधीजी में रुचि रखने वालों को इसे पढ़ना चाहिए। यह विवाद आंधी की तरह है, जो थम जाएगा। लोग इसे भूल जाएंगे, लेकिन मेरी किताब हमेशा मौजूद रहेगी। इसलिए इसे लेकर मैं चिंतित नहीं हूं। उल्लेखनीय है कि इस किताब की समीक्षाओं में दावा किया गया है कि गांधीजी उभयलिंगी थे और उनका हरमन कालेनबाख नाम के जर्मन यहूदी बॉडी बिल्डर प्रेमी भी था। गुजरात में किताब पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। महाराष्ट्र सरकार भी प्रतिबंध पर विचार कर रही है। लेलीवेल्ड ने किताब में गांधी जी की यौन आकांक्षाओं की विवेचना करने का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि किताब में सनसनीखेज कुछ नहीं है। बल्कि भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार में मौजूद तथ्यों को ही इसमें जगह दी गई है। उन्होंने बताया कि किताब में तीन पैराग्राफ हैं जिसमें गांधी जी के इस वास्तुकार के साथ संबंधों को उकेरा गया है। इसमें कुछ बिंदुओं के बारे में चर्चा की गई है, जिसकी मदद से लोग अपने निष्कर्ष पर पहुंच सकते हैं। मैं चाहता हूं कि लोग इस खंड को पूरा पढ़े|

No comments:

Post a Comment